गडकरी के पक्ष में अडवाणी तो सलमान के बचाव में उतरे नारायणसामी

Uncategorized

 भाजपा के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी ने पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी का बचाव किया है। अडवाणी ने बयान जारी कर भाजपा अध्यक्ष को बधाई दी है कि वह अपने उपर लगाए गए भ्रष्टाचार के सभी आरोपों के लिए किसी भी जाच के लिए तैयार हैं।गडकरी के बचाव में पार्टी की नेता सुषमा स्वराज भी आ गई हैं। उन्होंने गडकरी पर लगे आरोपों को बिना जांच के स्वीकार करना गलत बताया। उधर भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोपों से घिरे सलमान खुर्शीद का बचाव करते हुए केंद्रीय मंत्री वी नारायणसामी ने बुधवार को कहा कि साधारण व बेबुनियाद आरोपों के आधार पर केंद्रीय कानून मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नही की जा सकती है।

आडवाणी का कहना है कि भाजपा अध्यक्ष पर सभी आरोप राजनीतिक साजिश के तहत लगाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि भाजपा यूपीए के भ्रष्टाचार से लड़ती रहेगी।

इस मामले पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी और उनसे जुड़े विवाद उनकी पार्टी के मुद्दे हैं और इस मामले में भाजपा के लोगों को ही निर्णय लेना होगा। वहीं, अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली संस्था आइएसी ने यूपीए सरकार से भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है।

विदित है कि आइएसी ने गडकरी पर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने महाराष्ट्र के विदर्भ में अवैध तरीके से जमीन हथियाई है। इसके बाद मंगलवार को मीडिया में यह खुलासा हुआ कि आइआरबी नामक एक कंपनी ने गडकरी की कंपनी को 165 करोड़ रुपये का कर्ज दिया था। आइआरबी को गडकरी की तरफ से सड़क निर्माण का ठेका दिया गया था। उस समय गडकरी महाराष्ट्र के पीडब्ल्यूडी  मंत्री थे।

भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोपों से घिरे सलमान खुर्शीद का बचाव करते हुए केंद्रीय मंत्री वी नारायणसामी ने बुधवार को कहा कि साधारण व बेबुनियाद आरोपों के आधार पर केंद्रीय कानून मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नही की जा सकती है। श्री खुर्शीद व उनकी पत्‍‌नी लुईस खुर्शीद द्वारा जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट के बैनर तले संचालित एनजीओ की जांच यूपी सरकार करवा रही है।

नारायणसामी ने कहा कि जांच के बाद ही कार्रवाई की तस्वीर साफ हो सकती है। इस ट्रस्ट की सीईओ लुईस खुर्शीद ने स्वयं यूपी सरकार से आरोपों की जांच का आग्रह किया था। नारायणसामी ने कहा कि किसी मंत्री के खिलाफ साधारण शिकायतों पर कार्रवाई नही की जा सकती है। जांच के बाद ही कोई निष्कर्ष निकल सकता है। सूचना के अधिकार और प्रशासन में पारदर्शिता लाने के लिए लोकपाल के गठन सरकारी प्रयासों का भी सम्मेलन में नारायणसामी ने खास जिक्र किया।

खुर्शीद के एनजीओ में घपलेबाजी का आरोप इंडिया अगेंस्ट करप्शन के कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल ने सबसे पहले लगाया था। राबर्ट वाड्रा और डीएलएफ के बीच साठ-गांठ पर कुछ भी कहने से इन्कार करते हुए नारायणसामी ने इसे उनका व्यक्तिगत मामला करार दिया।

केंद्रीय कानू मंत्री सलमान खुर्शीद व भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के काले कारनामों की खबरें मीडिया में आने के बाद आम लोगों में भी आक्रोश दिखने लगा है। फलस्वरूप, दशहरे के शुभ अवसर पर जगह-जगह गडकरी व सलमान के पुतले फूंके जाने की भी खबरें लगातार आ रही हैं।