भाजपा नेता द्वारा रावण के पुतले पर सलमान का नाम लिखने पर विवाद

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शहर के आवास विकास कालोनी स्थित ग्रीन पार्क में रावण के पुतले पर भाजपा नेता द्वारा सलमान का नाम लिखे जाने को लेकर कांग्रेसी नेता  के पिता ने विरोध करते हुए बबाल कर दिया। जिसके बाद सलमान का नाम रावण के पुतले से हटा लिया गया।

आवास विकास के ग्रीन पार्क में स्थानीय निवासी भाजपा नेता प्रवंजन हरी श्रीवास्तव, अमित त्रिपाठी के अलावा  मोनू कटियार, सीटू, अनुज कटियार आदि ने एक रावण के पुतले को बनाया। जिस पर उन्होंने “सलमान खुर्शीद भ्रष्टाचारी रावण” लिखा पोस्टर लगा दिया। इतनी खबर पास के ही मकान में रह रहे कांग्रेसी नेता दीप्ती सिंह के पिता आर एन सिंह को लगी तो वह पुतला दहन स्थल पर आ गये। आर एन सिंह ने जमकर बबाल काटा। जिसके बाद उन्होंने रावण के पुतले से सलमान खुर्शीद का नाम लिखा पोस्टर हटा दिया। लेकिन नवयुवक फिर भी सलमान खुर्शीद के नाम लिखा पोस्टर लगाने का प्रयास करते रहे।

देश में जहां भाजपा व कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे हुए हैं और एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप की बौछार न करके नजरें नीची कर चुपचाप घरों में बैठे हैं। वहीं जनपद के भाजपा संवाद सेल के प्रदेश संयोजक प्रवंजन हरी श्रीवास्तव ने भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष नितिन गडकरी पर भ्रष्‍टाचार के आरोप लगाने वाले केजरीवाल का समर्थन करते हुए भाजपा के आला कमान के मुहं पर तमाचा दे मारा और पार्टी के सारे आदेशों व निर्देशों को दरकिनार कर कानून मंत्री सलमान खुर्शीद का पुतला बनाकर बाकायदा उस पर लिख दिया भ्रष्टाचारी रावण सलमान। इस बात को लेकर पड़ोस में ही रह रहे कांग्रेसी नेता दीप्ती सिंह के पिता आर एन सिंह के साथ भाजपाई प्रवंजन हरी श्रीवास्तव का विवाद हो गया। बाद में दबाव बढ़ने पर भाजपा नेता ने पुतले पर लगाया गया पोस्टर हटा दिया।

वहीं प्रवंजन हरी श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने केजरीवाल का समर्थन नहीं किया वल्कि सलमान खुर्शीद भ्रष्टाचारी रूपी रावण लिखा पोस्टर लगाकर रावण का पुतला फूंका है।

इस सम्बंध में भाजपा जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह राजपूत ने कहा कि उन्होंने किसी कार्यकर्ता को पुतला फूंकने के निर्देश नहीं दिये और न ही आला कमान को ऐसे आदेश हैं। उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। इस सम्बंध में जांच पड़ताल की जायेगी।

सलमान रावण तो गड़करी अहिरावण : पुन्नी शुक्ला

भाजपा नेता प्रवंजन हरी श्रीवास्तव द्वारा रावण के पुतले पर सलमान खुर्शीद भ्रष्टाचार रूपी रावण लिखने की बात पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पुन्नी शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पहले गडकरी पर लगे आरोप को गलत साबित करें उसके बाद कानून मंत्री सलमान खुर्शीद पर इस तरह के आरोप लगायें। भाजपा नेता ने रावण के पुतले पर सलमान खुर्शीद भ्रष्टाचारी रावण लिखकर अपनी छोटी मानसिकता का परिचय दिया है। सलमान अगर रावण हैं तो गड़करी अहिरावण।