आक्रोषित सलमान समर्थकों ने फूंका केजरीवाल का पुतला

Uncategorized

फर्रुखाबाद: देश में इस समय अन्ना व कांग्रेस समर्थकों में भिड़न्त का माहौल बन गया है। जहां एक तरफ केजरीवाल को प्रधानमंत्री आवास पर जाते हुए पुलिस ने जेल में ठूंस दिया तो वहीं दूसरी तरफ अन्ना समर्थक कांग्रेस के मंत्री सलमान खुर्शीद को बर्खास्त किये जाने को लेकर सड़कों पर उतरे। जिसका विरोध अब कांग्रेस कार्यकर्ता करने पर उतारू हो गये हैं। जिसके चलते शहर कांग्रेस कमेटी ने केजरीवाल का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।

जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट घोटाले का बबाल अब सुरसा के मुहं की तरह बढ़ता ही जा रहा है। जहां एक तरफ कांग्रेस इस सम्बंध में बोलने को तैयार नहीं और न ही आरोपियों पर कोई कार्यवाही करने का सरकार मन बना रही है। वहीं दूसरी तरफ केजरीवाल व अन्ना समर्थकों ने सलमान व लुईस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिससे खिसियाये कांग्रेसी सवालों का जबाव देने की बजाय अपना गुस्सा पुतला फूंक कर बुझा रहे हैं। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पुन्नी शुक्ला ने घुमना बाजार पर केजरीवाल का पुतला फूंक कर पुतले पर जूते चलाये। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गयी। केजरीवाल का पुतला फूंक रहे सलमान समर्थकों ने घुमना पर भीड़ लगा ली। जिससे चौक, लालदरबाजा मार्ग बुरी तरह जाम हो गया। दोनो तरफ वाहनों की लम्बी लम्बी लाइनें लग गयीं। लेकिन सलमान समर्थक पुतले के पास से हटने को तैयार नहीं थे। जमकर नारेबाजी करने के बाद बमुस्किल उन्हें पुलिस द्वारा किनारे किया गया। जिससे जाम में फंसे यात्री काफी परेशान रहे। पुलिस ने काफी मसक्कत के बाद जाम पर काबू पा पाया। वहीं सलमान के समर्थन में कुछ विकलांगों ने भी पुतला फूंकने का दावा किया है।