पति के अवैध सम्बंधों से क्षुब्ध पत्नी ने किया आत्मदाह

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा बू अली खां 9/3 निवासी संजीव शुक्ला की 25 वर्षीय पत्नी पूजा ने मंगलवार को प्रातः घर के अंदर कमरे में आग लगा ली। ससुरालीजनों ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। परिजनों ने दहेज के चक्कर में हत्या करने का आरोप लगाया है।

पड़ोसी जनपद अल्लाहगंज खास निवासी रामकिशोर ने अपनी पुत्री पूजा का विवाह वर्ष 2009 में संजीव शुक्ला पुत्र बृजबिहारी शुक्ला के साथ धूमधाम से किया था। पूजा का एक साल का पुत्र पीयूष है। शादी के कुछ समय बाद से ही जब पूजा को अपने पति संजीव की गलत हरकतों के बारे में पता चला तो पति पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। संजीव के मोहल्ले की ही एक लड़की के साथ अवैध सम्बंध थे और संजीव शराब पीने का भी आदी हो गया था। संजीव के पिता बृजबिहारी शुक्ला बरौन स्वास्थ्यकेन्द्र बतौर स्वास्थ्य कर्मचारी के रूप में काम करते हैं। पति के अवैध सम्बंध पूजा को बर्दास्त नहीं हो रहे थे। इसका खुलासा उसने अपनी मां रानीदेवी से भी किया था। पूजा की मां रानीदेवी ने बताया कि सोमवार की शाम पूजा ने उससे बात की थी और पुनः संजीव की हरकतों के बारे में अवगत कराया। बीती रात पति पत्नी का विवाद इसी बात को लेकर हो गया था। रात में मामले को जैसे तैसे शांत किया गया। प्रातः पुनः संजीव व पूजा में विवाद हुआ। संजीव मैजिक चलाने का काम करता है। जो फर्रुखाबाद से कलान सवारियां ले जाता है।

सुबह विवाद के बाद संजीव अपने काम पर चला गया। पूजा की सास मुन्नीदेवी उसके पुत्र को लेकर घर के बाहर बैठ गयी। तभी पूजा ने कमरे में रखे मिट्टी के तेल को अपने ऊपर छिड़क कर आग लगा ली। पूजा के आग लगाते ही कुछ ही पलों में उसका बदन शतप्रतिशत जल गया। ससुरालीजनों ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया और पूजा के जेठ राजेश शुक्ला ने नीतू के भाई रोहित को फोन पर पूजा के जलने की जानकारी दी। सूचना पर पूजा के पिता रामकिशोर, भाई रोहित, मां रानीदेवी के अलावा अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने के कुछ घंटों बाद ही पूजा ने लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

वहीं पूजा के पिता रामकिशोर ने आरोप लगाया कि राजीव अक्सर पूजा के साथ मारपीट करता था। संजीव की मांग थी कि उसे मैं बुलेरो गाड़ी खरीदकर दूं। संजीव का कहना था कि वह अब मैजिक नहीं चलायेगा। इसी बजह से रामकिशोर ने कई बार उसे यह कहा था कि उसके पास इतने पैसे नहीं हैं। रामकिशोर ने पूजा को जलाकर मारने का आरोप ससुरालियों पर लगाया है। मामले की सूचना मिलने पर घोड़ा नखास चौकी इंचार्ज संतोष भारद्धाज व नायब तहसीलदार पूजा का वयान लेने पहुंचे। लेकिन हालत ज्यादा गंभीर होने पर वह बोल नहीं सकी। जिससे नायब तहसीलदार बैरंग लौट गये।