मोहम्मदाबाद गोकाण्ड में दंगा कराना चाह रही है भाजपा: राजकुमार

Uncategorized

फर्रुखाबाद: बीते कई दिनों से मोहम्मदाबाद क्षेत्र दबंगों का युद्ध स्थल बन गया है। जिसके चलते आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते चार दिन पूर्व दो पक्षों की आपसी भिड़न्त में हुए बलबे में जहां मोहम्मदाबाद में दहशत का माहौल पनप गया वहीं अब मामले में राजनीतिक रोटियां सेंकी जाने लगीं हैं। भाजपा पहले से ही मौका देखकर मोहम्मदाबाद में अपना जलवा कायम करने पर तुली हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक जहां एक ओर भाजपाई उग्र नजर आ रहे हैं वहीं प्रातः भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील शाक्य ने जो वयान जेएनआई में दिया उसके अनुसार सत्ताधारी मंत्री व उनकी ही पार्टी के लोगों के दबाव में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। जिसके जबाव में समाजवादी पार्टी ने भी भाजपा का जबाव दिया। सपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह राठौर ने कहा कि मोहम्मदाबाद में भारतीय जनता पार्टी अपनी राजनीति चमकाने के लिए हंगामा कराने के प्रयास में है।

सपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह राठौर ने कहा कि कई दिनों से भारतीय जनता पार्टी मोहम्मदाबाद में सक्रियता दिखा रही है। लेकिन मुख्य आरोपी सत्यनारायण जोकि पहले से ही अपराधिक किस्म का है उसकी मदद कर रही है। पुलिस अपना काम ठीक तरह से कर रही है और इस बावत समाजवादी पार्टी दोनो पक्षों को बुलाकर मामले को निबटाने का प्रयास करेगी और पुलिस के उच्चाधिकारियों से भी मामले पर विचार विमर्श किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि इस सम्बंध में मंत्री नरेन्द्र सिंह यादव भी मामले को निबटाने का प्रयास कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी पर लगाया गया आरोप बिलकुल गलत है। कोई समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता पुलिस पर दबाव नहीं बनाये हुए है। भारतीय जनता पार्टी मामले में अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती है। पुलिस ने जो कार्यवाही की वह अब तक बिलकुल बिलकुल सही है।