गांधी जयंती पर पटेल पार्क में चलेगा स्वच्छता अभियान

Uncategorized

फर्रुखाबाद: जिला सर्वोदय मण्डल ने साहबगंज चौराहे पर की गयी एक बैठक में कहा कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के उपलक्ष में सर्वोदय मण्डल के सभी कार्यकर्ता पटेल पार्क में स्वच्छता अभियान चलायेंगे। इसके अलावा शहर में प्रभातफेरियों का भी आयोजन किया जायेगा।

सर्वोदय मण्डल, मित्र मण्डल, इण्डिया अगेंस्ट करप्शन की संयुक्त बैठक साहबगंज चौराहा स्थित चन्द्रपाल वर्मा के आवास पर हुई। जिसमें संगठन के पदाधिकारियों ने गांधी जयंती पर आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की। बैठक में निर्णय लिया गया कि गांधी जयंती पर प्रातः साढ़े पांच बजे सामूहिक प्रभातफेरी गांधी आश्रम से टाउनहाल गांधी प्रतिमा तक जायेगी। जहां महात्मागांधी के विचारों को व्यक्त किया जायेगा। तत्पश्चात संगठन के सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी पटेल पार्क में स्वच्छता अभियान चलायेंगे। इसके बाद दोपहर 11 बजे गांधी आश्रम में गांधी जयंती कार्यक्रम में खीर बनायी व खिलायी जायेगी।

इस सम्बंध में जिला सर्वोदय मण्डल के अध्यक्ष गोपालबाबू पुरवार ने कहा कि 5 अक्टूबर को सभी पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक व डीएम को अलग-अलग नगर व जिले से सम्बंधित समस्याओं के निराकरण हेतु ज्ञापन देंगे। वहीं 7 अक्टूबर को जिला स्तर पर संगठन संरचना की जायेगी। जिसमें सभी ब्लाक व तहसील स्तर पर गठन किया जायेगा।

इस सम्बंध में लक्ष्मण सिंह एडवोकेट ने कहा कि मई 2012 के सत्याग्रह सम्बंधित मांगों का प्रशासन द्वारा पूरा न किये जाने की रणनीति तय की गयी है जिसको शीघ्र अमल में लाया जायेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपालबाबू पुरवार ने की। इस दौरान अतुल शर्मा, सुजीत अवस्थी, रमेश अवस्थी, गंगा दास, सुशील साध, बजरंग भाई, रामचन्द्र, वेदराम, रतीराम, चन्द्रपाल, वीरेन्द्र मिश्रा, ओमप्रकाश, दाताराम, संजीव वर्मा, मुन्नालाल राजपूत, ज्ञानेन्द्र मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।