स्वच्छता व सौंदर्यीकरण का काम नगरीय क्षेत्रों में भी होगा: योगी

LUCKNOW NAGAR PALIKA PALIKA CHUNAV Politics Politics-BJP

गोंडा:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शायर अदम गोण्डवी की नगरी गोंडा में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व सौंदर्यीकरण का वादा किया। मुख्यमंत्री निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के प्रचार कार्यक्रम में लगे हैं। उन्होंने आज से अपने प्रचार अभियान जा आगाज अयोध्या से किया।

गोंडा में अदम गोंडवी मैदान में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब सभी निकायों का समग्र विकास होगा। कहीं भी किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा। उन्होंने प्रदेश के जिलों में पिछड़ेपन के लिए पूर्ववर्ती सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। सीएम ने कहा कि नगरीय क्षेत्रो में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण का काम होगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर गरीब को आवास बिजली व पेयजल मुहैया करा रही है। इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। सीएम ने भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर बेहतर कार्य करने का दावा किया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने निकाय चुनाव को लेकर कहा कि हमारे लिए कोई भी चुनाव छोटा नहीं होता। हम सभी को समान रूप से देखते हैं। हम गरीब के साथ ही किसानों की बेहतरी के लिए काम कर रहे है। ऋण मोचन योजना का लाभ अधिकांश किसानों को मिला है।

सीएम ने सपा व बसपा के भ्रष्टाचार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इनके भ्रष्टाचार का पैसा हम किसानों को दे रहे हैं। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण में गोंडा के निचले पायदान पर होने पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की अनदेखी के चलते बुरा हश्र हुआ है। प्रदेश में हर जगह भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसी जाएगी। भाजपा सरकार शहरी इलाकों में 11 लाख आवास मुहैया करा चुकी है। इसके साथ ही मुफ्त बिजली कनेक्शन के साथ एलपीजी गैस भी दी जा रही है। शौचालय भी हमारी वरीयता पर है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने सात महीने में सराहनीय काम किया है। उत्तर प्रदेश में सात महीने में कानून-व्यवस्था के साथ विकास के काम वरीयता पर हुए हैं। पिछले 15 वर्ष में सरकारों ने प्रदेश को ठगा है।महेंद्र नाथ पाण्डेय ने पूर्व मंत्री आजम खां को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि आजम खां उल्टी खोपड़ी के मंत्री रहे है। सपा नेता अपने ही विभाग को उलटने में लगे रहे।उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहली बार निकाय चुनाव में भी संकल्प पत्र बनाया है। जिससे कि हम वरीयता के हिसाब से काम कर सकें। इसी तरह से विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र पर प्रदेश सरकार काम कर रही है।