साधू को गोली मारने में तीन सगे भाइयों सहित चार पर मुकदमा, दो गिरफ्तार

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद: बीती रात कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के सिविल लाइन मढैयां स्थित स्वामी संतदास आश्रम के महंत 65 वर्षीय के एन पाण्डेय उर्फ गुरुचरन दास को गोली मारने के मामले में पुलिस ने तीन सगे भाइयों सहित चार पर मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद घायल साधु को लोहिया अस्पताल लाया गया था। जहां उसके घुटने में गोली लगी होने के कारण हालत खराब हो गयी थी। डाक्टर ने उन्हें रिफर कर दिया था। जिसके बाद घायल सधु गुरुचरनदास को नेकपुर स्थित ग्लोबल हास्पिटल में भर्ती किया गया था।

घटना के सम्बंध में राजीव सेंगर पुत्र अनिरुद्व सिंह निवासी फतेहगढ़ ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें राजीव सेंगर ने कहा है कि वह रात करीब 8 बजकर 45 मिनट पर फतेहगढ़ बाजार से गुरुचरनदास के साथ स्कूटी से जा रहे थे। तभी आश्रम के निकट पहुंचने पर सुधीर कुमार, गुड्डू उर्फ सुशील, संजेश उर्फ संजीव पुत्र लालाराम निवासी सिविल लाइन मढैंया, रघुवीर पुत्र खम्मन निवासी शीशम बाग ने स्कूटी को रोककर धक्का दे दिया व बाबा गुरुचरन दास को लाठी डन्डों से मारते हुए कहा कि मुकदमें में पैरवी करते हो। जब अपने को दोनो छुड़ाकर भागने लगे तभी सुधीर व गुड्डू, सुधीर व संजेश ने तमंचों से जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। जिससे साधु गंभीर रूप से घायल हो गये।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुधीर, गुड्डू, संजेश व रघुवीर के खिलाफ धारा 307, 323, 304, 506 व 7 क्रिमनल लाॅ एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया। जांच कोतवाल अनूप कुमार निगम को दी गयी है। पुलिस ने संजेश व रघुवीर को गिरफ्तार भी कर लिया| फतेहगढ़ कोतवाल अनूप कुमार निगम ने बताया कि मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है। दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जायेगी।