शिवपाल बोले एक ने अपने बाप को तो दूसरे ने सत्ता में साथ देने वाले को दिया धोखा

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa सामाजिक

बलिया:सपा व बसपा का गठजोड़ एक बेमेल गठबंधन है, इसके दोनों मुखिया धोखेबाज हैं। बबुआ (अखिलेश यादव) ने पिता को धोखा दिया तो मायावती ने भाजपा और कांग्रेस को। लोकसभा चुनाव में सत्ता के लालच में हुई युगलबंदी को जनता सिरे से खारिज कर देगी। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के बिना प्रदेश में कोई भी गठबंधन सफल नहीं हो सकता। यह बात प्रसपा लोहिया के प्रमुख शिवपाल यादव ने शनिवार को पूर्व चेयरमैन व प्रमुख समाजवादी नेता स्वर्गीय बद्रीनाथ सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
अपने संबोधन में शिवपाल ने भाजपा पर प्रहार करने के साथ ही सपा- बसपा पर भी तंज कसे। विभाजन के दर्द को बयां करते हुए कहा कि चाटुकारों के चलते सपा न सिर्फ खण्ड-खण्ड हो गयी बल्कि विधानसभा चुनाव में 43 सीटों पर सिमट गई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष (राम गोविंद चौधरी) पर निशाना साधते हुए कहा कि होशियार रहना, आपके यहां के कुछ लोग घर में आग लगाने का काम करते हैं। समाजवादी पार्टी के विघटन में इनका बहुत बड़ा हाथ है। इन चापलूसों से आपको बचना है। ये वे लोग हैं जिन्हें हमने झोपड़ी से महल तक पंहुचा दिया।केन्द्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए शिवपाल ने कहा कि भ्रष्टाचार समाप्त करने का वादा करने वाली भाजपा सरकार में अनाचार, कदाचार व भ्रष्टाचार सर चढ़ कर बोल रहा है। थाना से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक धन उगाही का केन्द्र बने हैं। देश को कर्ज से मुक्त कराने का सपना दिखाने वाले मोदी के राज में लगातार कर्ज बढ़ रहा है। बजट का 18 फीसद भाग ब्याज के रूप में दिया जा रहा है। सबका साथ- सबका विकास का नारा भी आज बेमतलब साबित हो रहा है। इससे पूर्व स्व. बद्रीनाथ सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बने 10 सीटर शौचालय का लोकार्पण भी किया।
नार्को टेस्ट को तैयार : शिवपाल यादव ने कहा कि गेस्ट हाउस कांड को लेकर मैं आज भी नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हूं। तत्कालीन परिस्थितियों में भी मैने इसके लिए पहल किया था लेकिन बहन जी को यह मंजूर नहीं था। बेशक, बसपा प्रमुख को इसकी मांग करनी चाहिए ताकि झूठ का पर्दाफाश हो सके। एक प्रश्न के जवाब में कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार आम आदमी की समस्या दूर करने के बजाय अलग-अलग प्रपंच फैलाकर उनका ध्यान मुख्य समस्या से हटाने में लगी है।