भीषण गर्मी से अगले दो दिन तक राहत नहीं, जारी रहेगी लू, मानसून में देरी

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद: पूरे देश भें भीषण गर्मी का दौर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों तक लू से राहत नहीं मिलने वाली है। हालांकि रविवार को पुरवा हवा चलने से तापमान में मामूली गिरावट दिखी, लेकिन इससे राहत नहीं मिली। उधर, उत्तर भारत में मानसून की दस्तक देर से हो सकती है।

मौसम विभाग ने कहा कि दो दिनों के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के इलाकों में लू का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं, मानसून में देरी से गर्मी की चुभन और बढ़ाएगी। बहरहाल, अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं।

जुलाई के पहले हफ्ते में मानसून का आगमन

मानसून के आगमन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने से भी चिंताएं बढ़ गई हैं। केरल में एक जून को मानसून पहुंचता है, लेकिन इस बार मौसम विभाग ने छह जून को पहुंचने का पूर्वानुमान जारी किया है, लेकिन अंडमान सागर में जिस प्रकार विलंब से मानसून सक्रिय हुआ है, उससे देरी और बढ़ने के आसार हैं। रविवार तक मानसून श्रीलंका के कुछ हिस्सों तक ही पहुंच पाया है।

विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान मानसून आगे बढ़ेगा। लेकिन केरल में देरी के साथ ही यह आशंका है कि उत्तर भारत में भी जून के मध्य तक मानसून नहीं पहुंच पाएगा। इसमें एक सप्ताह तक की देरी हो सकती है। दिल्ली में 29 जून के बजाय जुलाई के पहले हफ्ते तक मानसून का आगमन हो सकता है।