बीजेपी विधायक की बेटी साक्षी मिश्रा ने पति के बाद अब पिता के पक्ष में मांगा न्याय

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

लखनऊ:  बरेली के बेहद चर्चित साक्षी मिश्रा व अजितेश कुमार के विवाह प्रकरण के बाद साक्षी मिश्रा एक बार फिर चर्चा में हैं। साक्षी मिश्रा ने प्रेमी अजितेश कुमार के साथ विवाह करने के बाद खतरे की आशंका में सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया था। अब उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ के पास शिकायत की है।
बरेली के बिथरी चैनपुर से भाजपा के विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास शिकायत की है कि कुछ लोग उनके पिता के साथ ही ससुराल के लोगों को बदनाम कर रहे हैं। साक्षी मिश्रा ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर की शिकायत की है। साक्षी ने कहा कि उनके विधायक पिता और ससुराल पक्ष वालों के बारे में गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। इस पर रोक लगाई जाए।

शादी के बाद कई दिनों तक सोशल मीडिया से गायब रहीं साक्षी मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों हैं। भाजपा विधायक की बेटी साक्षी मिश्रा ने सीएम योगी आदित्यनाथ के पोर्टल पर सोमवार को शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इसमें कहा है कि उनके परिवार को बदनाम न किया जाए. इस बार उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके और उनके पारिवार वालों के बारे में फैली खबरों को झुठलाते हुए इसे प्रसारित करने से रोकने की मांग की है।

जनसुनवाई पोर्टल पर की शिकायत
साक्षी मिश्रा ने कुछ यूटयूब चैनल्स के नाम सहित मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की है. शिकायत में उन्होंने कहा कि मेरे मायके वालों के खिलाफ झूठी सूचनाएं प्रसारित कर उन्हें बदनाम किया जा रहा है। अभी तक साक्षी अपने पिता के खिलाफ बोलती आ रही थीं। इस बार उन्होंने अपने पिता और मायके पक्ष के अन्य लोगों के पक्ष में बात की है।

शिकायत में साक्षी ने कहा कि मैं साक्षी मिश्रा पत्नी अजितेश कुमार पुत्री राजेश कुमार मिश्रा विधायक 123 बिथरी चैनपुर बरेली निवासी हूं। निवेदन है कि मेरे ससुराल और मायके पक्ष के खिलाफ झूठी खबरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही हैं, जिससे देश का माहौल खराब हो रहा है। मेरे पिता के राजनीतिक जीवन पर भी प्रभाव पड़ रहा है।

साक्षी मिश्रा ने शिकायत में कहा कि देश में भी अराजकता फैल रही है। अब भी मनगढ़ंत कहानी बनाई जा रही है। इस कारण हमें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मैं अब अपने पति के साथ शांति से जीवनयापन करना चाहती हूं। जिसमें कठिनाई आ रही हैं। कृपया उचित कार्रवाई करें जिससे मैं और मेरे ससुराल वाले स्वतंत्र नागरिक की तरह जीवनयापन कर सकें।

 

बरेली से भाजपा विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा तीन जुलाई को अपने घर से अचानक गायब हो गई थी। इसके बाद उन्होंने अजितेश से लव मैरिज कर ली थी। दस जुलाई को दोनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया था। 11 जुलाई को साक्षी ने एक और वीडियो जारी कर अपने पिता राजेश मिश्रा, भाई विक्की भरतौल और पिता के करीबी राजीव राणा से जान का खतरा बताया था। दोनों वीडियो वायरल हो गए थे और मामले ने काफी तूल पकड़ लिया था। इसके बाद इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्देश पर इनको सुरक्षा दी गई थी।