बाढ़ के विकराल रुप से हालात गंभीर, हजारों बीघा फसल जलमग्न

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

फर्रुखाबाद:(कंपिल) बाढ के आने से क्षेत्र के हालात दिन पर दिन बिगड़ते ही जा रहे है| कई सैकड़ा परिवार बेघर है| वर्तमान में क्षेत्र में वर्ष 2011 जैसे हालात है| घरों में पानी भरा हुआ है सड़कों पर निकलने के रास्ते में भी पानी ही पानी नजर आ रहा है|
कंपिल के कई गांव बाढ़ की चपेट में है| बाढ़ की चपेट में गांव पथरामई गढ़ी सहित सींगनपुर पुन्थर,कारव, इकलहरा,शेखपुर, पलीतपुरा,धीमननगला,टपुआ चौडेरा,अहिवरन नगला,फदियन नगला,कमरुद्दीन नगर,शेखपुर राईपुर,चिन्हटपुर ,मधवापुर ग्रासपुर व सिसैया नगला आदि है। सभी ग्रामों की हजारों बीघा फसल बाजरा, धान ,तिल, उड़द, मूंग ,मक्का ,शिवाला, मूंगफली, शकरकंद आदि फसल जलमग्न हो गई।धीमन नगला जाने के रास्ते में सड़क के ऊपर पानी भरा हुआ है वही इकलहरा गांव में सड़क के ऊपर पानी चल रहा है। बूढ़ी गंगा में पानी पहुंचने से कई गांव सहमे हुए हैं कि कब पानी बढ़कर उनके घरों की तरफ ना आ जाए। इकलहरा गांव में कई घरों में पानी भरा हुआ है।
एसडीएम अनिल कुमार,तहसीलदार गजेन्द्र सिंह ने रविवार को ग्राम पथरा मई पहुंचकर बाढ़ का जायजा लिया| ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचने का आग्रह भी किया| कुछ लोग गांव से निकलकर सुरक्षित स्थान पर चले भी गए हैं| लेकिन कुछ के मकान जो ऊंचाई पर बने हुए हैं वह अभी भी गांव में आना जाना कर रहे हैं| प्रशासन द्वारा दो नावे उपलब्ध कराई गई थी| आज ग्रामीणों को मिट्टी का तेल एसडीएम की उपस्थिति में बंटवाया गया|