जनपद बदायूं की पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट, आठ की मौत,आधा दर्जन जख्मी

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

बदायूं:सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित एक पटाखा गोदाम शुक्रवार दोपहर बाद जबर्दस्त विस्फोट के साथ उड़ गया। धमाका इतना तेज था कि गोदाम का लिंटर व गोदाम के बाहर खड़ी एक बाइक उड़ गई, जबकि दीवारें का मलबा कई मीटर दूर तक जा गिरा। दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर फायर बिग्रेड, पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी पहुंच गए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्‍पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने इलाके को पूरी तरह सील कर दिया है। मौके पर कारतूस मिलने की भी बात सामने आ रही है। घटना के बाद से मौके पर भारी भीड़ जुट गई है।
प्राप्‍त सूचना के मुताबिक, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रसूलपुर गांव में रोड किनारे संजू पुत्र प्रसादी लाल की आतिशबाजी की दुकान थी। दुकान के भीतर ही उसने पटाखा गोदाम बना रखा था। दीपावली के मद्देनजर इन दिनों उसकी दुकान पर अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम तेजी से चल रहा था। शुक्रवार दोपहर बाद पटाखा गोदाम में संजू समेत पांच लोग आतिशबाजी बना रहे थे, तभी अचानक तेज धमाके के साथ पटाखा गोदाम उड़ गया। विस्फोट इतना जबर्दस्त था कि कई किलोमीटर तक उसकी आवाज सुनाई दी। गोदाम का लिंटर व बाहर खड़ी एक बाइक भी उड़ गई। धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। चीख-पुकार मच गई।
कुछ देर ही में मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। पटाखा गोदाम में धमाका होने की सूचना पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड व कई थानों का फोर्स मौके की ओर दौड़ पड़ा। उधर, मौके पर जुटे लोग घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया। सूचना पर डीएम दिनेश कुमार सिंह व एसएसपी अशोक कुमार भी घटनास्थ्‍ल पर पहुंच गए हैं।
आठ की मौत, तीन की ही हो सकी शिनाख्त
हादसे में आठ लोगों के मरने की पुष्‍टि हुई है। इनमें से तीन लोगों की ही शिनाख्‍त हो सकी है। मरने वालों के नाम शेर सिंह 55 निवासी रसूलपुर थाना सिविल लाइंस, रमेश 30 पुत्र भीमसेन हाजीपुर सिविल लाइंस व संजू 25 साल निवासी दौरी नरोत्तमपुर बताए जा रहे हैं। बाकी पांच अज्ञात हैं। यह सब पटाखा गोदाम में काम करते थे।