दूसरा चरण:95 सीटों पर 5 बजे तक 61.12% मतदान, पश्चिम बंगाल में बंपर वोटिंग

FARRUKHABAD NEWS लोकसभा चुनाव 2019 सामाजिक

नई दिल्ली:लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 95 सीटों पर चुनाव संपन्‍न हो गया है। दूसरे चरण में 5 बजे तक लगभग 61.12 फीसद मतदान हुआ।। चुनाव के दौरान कई जगह हिंसा हुई, तो एक जगह ईवीएम भी तोड़ दी गई। इस चरण में एक केंद्र शासित प्रदेश सहित कुल 12 राज्यों की 95 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। हालांकि, दूसरे चरण में लोकसभा की 97 सीटों पर चुनाव होने थे, लेकिन तमिलनाडु की वेल्लोर सीट पर बड़े पैमाने पर नकदी जब्त होने के बाद यहां का चुनाव रद कर दिया गया। उधर, कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति को देखते हुए त्रिपुरा पूर्व सीट का चुनाव स्थगित कर दिया गया। इस दौर में उत्तर प्रदेश की जिन आठ सीटों पर चुनाव हुआ, उनमें आगरा, मथुरा, नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस और फतेहपुर सीकरी शामिल थी। वहीं, बिहार की किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका लोकसभा सीट के लिये भी दूसरे चरण में मतदान हुआ। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और ऊधमपुर सीट के अलावा पश्चिम बंगाल की जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और रायगंज सीट पर भी दूसरे चरण में के मतदान हुए।

18:10 PM: लोकसभा चुनाव 2019 के दूसरे चरण में 5 बजे तक लगभग 61.12 फीसद मतदान हुआ।
17:15 PM: उत्‍तर प्रदेश में 5 बजे तक बुलंदशहर सीट पर 5 बजे तक 56.67 प्रतिशत, नगीना में 58 प्रतिशत, फतेहपुर सीकरी सीट पर 57.99%, मथुरा में 56.6 फीसद मतदान हुआ है।

16:49 PM: कर्नाटक में 107 साल की बुजुर्ग पद्म अवार्ड से सम्‍मानित सालूमरदा तिम्मक्का ने बेंगलुरु ग्रामीण संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान किया। तिम्‍मक्‍का अभी तक हजारों पौधे लगा कर पर्यावरण को स्‍वच्‍छ करने की दिशा में महत्‍वपूर्ण योगदान दे चुकी है। इसके लिए उन्‍हें पद्म सम्‍मान से नवाजा गया है।
16:37 PM: कर्नाटक में 107 साल की बुजुर्ग पद्म अवार्ड से सम्‍मानित सालूमरदा तिम्मक्का ने बेंगलुरु ग्रामीण संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान किया। तिम्‍मक्‍का अभी तक हजारों पौधे लगा कर पर्यावरण को स्‍वच्‍छ करने की दिशा में महत्‍वपूर्ण योगदान दे चुकी है। इसके लिए उन्‍हें पद्म सम्‍मान से नवाजा गया है।

16:16 PM: तमिलनाडु में तीन सीनियर सिटीजन के लिए ये लोकसभा चुनाव अंतिम रहा। स्‍थानीय पुलिस ने बताया कि प्रदेश में तीन बुजुर्गों की मौत मतदान करने के पश्‍चात हो गई। बालकृष्‍ण नाम के शख्‍स जैसे ही कोयंबटूर के पोलिंग बूथ से निकले, तभी बेहोश होकर गिर गए। इसके बाद उन्‍हें नजदीकी अस्‍पताल ले जाया गया, जहां उन्‍हें मृत घोषित कर दिया गया।

16:00 PM: पश्चिम बंगाल में दोपहर 3 बजे तक मतदान की गति अच्‍छी रही है। जलपाईगुड़ी में 71.32 फीसद, डार्जिलिंग में 63.14 फीसद और रायगंज में 61.84 फीसद मतदान 3 बजे तक हुआ है। पश्चिम बंगाल में दोपहर 3 बजे तक कुल 65.43 फीसद मतदान हुआ है।

15:39 PM: दोपहर 3 बजे तक जम्‍मू-कश्‍मीर में 38.5 फीसद मतदान हुआ है। हालांकि, श्रीनगर में 3 बजे तक सिर्फ 5.7 फीसद ही मतदान हुआ है।

15:25 PM: आगरा के जगदीश पुरा पोलिंग बूथ पर दूल्हा-दुल्हन दोनों ने किया मतदान। ये दोनों शादी की पोशाक में ही मतदान केंद्र पहुंचे। उत्‍तर प्रदेश में आज 8 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।
15:15 PM: केंद्रीय मंत्री मुख्‍तार अब्‍बास नकवी को चुनाव आयोग की ओर से ‘मोदी की सेना’ वाले बयान पर चेतावनी दी गई है। आयोग ने कहा है कि भविष्‍य में सुरक्षाबलों के ऑपरेशन का चुनाव प्रचार के दौरान इस्‍तेमाल नहीं होना चाहिए।

15:00 PM: ओडिशा के गंजाम जिले में एक पोलिंग बूथ पर वोटिंग के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे 95 साल के एक बुजुर्ग कतार में ही गिर पड़े। बाद में बुजुर्ग को अस्‍पताल ले जाया गया, जहां डॉक्‍टरों ने उन्‍हें मृत घोषित कर दिया।

14:40 PM: निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने उत्‍तर कन्‍नड़ जिले में कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री एचडी कुमारस्‍वामी के हेलिकॉप्‍टर और उनके लगेज की तलाशी ली।

14:35 PM: महाराष्‍ट्र में दोपहर एक बजे तक 35.4 फीसद मतदान दर्ज किया गया।

14:20 PM: पश्चिम बंगाल के चौपर में भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता पोलिंग बूथ में भिड़ गए। इस दौरान बूथ में EVM भी तोड़ दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इससे पहले कुछ लोगों को वोटिंग करने से रोका गया, तो उन्‍होंने नेशनल हाइवे को ब्‍लॉक कर दिया, जिसके बाद सुरक्षाबल को लाठीचार्ज के साथ-साथ आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

14:02 PM: फतेहपुर सीकरी के मोंगली कला गांव के मतदाताओं ने सिंचाई जैसी सुविधाओं की मांग को लेकर लोकसभा चुनाव 2019 का बहिष्‍कार किया है। यहां के पोलिंग ऑफिसर ने बताया कि अभी तक इस सीट पर कोई भी शख्‍स मतदान करने नहीं आया है।

13:44 PM: दोपहर को धूप तेज होने के चलते अब उत्तर प्रदेश के आगरा, फतेहपुर सीकरी और मथुरा लोकसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्‍या में कमी आ रही है।

13:33 PM: उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों पर 1 बजे तक मतदान प्रतिशत
-बुलंदशहर में 1 बजे तक 39.10 प्रतिशत
-नगीना में 1 बजे तक 38.59 प्रतिशत
-फतेहपुर सीकरी में एक बजे तक मतदान 35.9 प्रतिशत
-आगरा में 1 बजे तक लोकसभा में मतदान 37.75 फीसद
-मथुरा लोकसभा में एक बजे तक कुल 37.00 फीसद मतदान

13:30 PM:  उत्तर प्रदेश के अमरोहा में 1 बजे तक 43.24 फीसद मतदान
-धनौरा वि‍धानसभा क्षेत्र- 42.8
-नौगावां सादात वि‍धानसभा क्षेत्र- 43.64
-अमरोहा वि‍धानसभा क्षेत्र- 42.78
-हसनपुर वि‍धानसभा क्षेत्र-43.01
-गढ़मुक्‍तेश्‍वर वि‍धानसभा क्षेत्र- 43.96

13:05 PM: कर्नाटक के मंत्री डीके शिवकुमार ने कनकपुरा शहर में वोट डाला। कर्नाटक में आज 14 सीटों पर मतदान हो रहा है।

12:40 PM: पश्चिम बंगाल में रायगंज से सीपीएम उम्‍मीदवार मोहम्‍मद सलीम की कार पर इस्‍लामपुर में हमला हुआ है। कार के शीशे टूट गए हैं। सीपीएम का आरोप है कि इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हाथ है।
12:27 PM: कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्धारमैया और उनके बेटे यतींद्र सिद्धारमैया ने मैसूर में वोट डाला।

12:24 PM: अमरोहा से भाजपा के उम्मीदवार कंवर सिंह तंवर ने कहा कि फेक वोटिंग हो रही है। बुर्के में आनी वाली महिलाओं की पहचान की जाँच नहीं हो रही है। मैंने सुना है कि बुर्का पहने एक आदमी भी पकड़ा गया है।

12:23 PM: जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर व उधमपुर संसदीय क्षेत्र में सुबह 11 बजे तक वोटिंग 17.8% रही।
12:01 PM: भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी अनंत कुमार ने कर्नाटक के बेंगलुरु में मतदान किया। ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा तेजस्‍विनी अनंत कुमार को उम्‍मीदवार बना सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कर्नाटक में आज 14 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।
11:43 AMअसम में 11 बजे तक 26.39 फीसद और छत्‍तीसगढ़ में 26.2 प्रतिशत मतदान हो चुका है। असम की 5 और छत्तीसगढ़ की 3 लोकसभा सीट पर आज मतदान हो रहा है। इस बीच छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्‍सलियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें दो नक्‍सली मारे गए हैं। असम में मतदान शांतिपूर्वक हो रही है।

11:43 AM: फारूख अब्‍दुल्‍ला और उमर अब्‍दुल्‍ला ने जम्‍मू-कश्‍मीर के श्रीनगर संसदीय क्षेत्र के मुंशीबाग स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान किया। इस दौरान उन्‍होंने केंद्र और चुनाव आयोग से जम्‍मू-कश्‍मीर में जल्‍द से जल्‍द विधानसभा चुनाव कराने की मांग की।

11:39 AM: मणिपुर में 11 बजे तक 32.18 फीसद मतदान हो चुका है। यहां मतदाताओं में वोटिंग के प्रति काफी उत्‍साह देखने को मिल रहा है। उधर, बिहार में 11 बजे तक लगभग 19 फीसद मतदान हो चुका है। उत्तर प्रदेश में 24.31 फीसद मतदान हो चुका है।

11:37 AMपश्चिम बंगाल के दिनाजपुर में सुरक्षाबलों ने राष्‍ट्रीय राजमार्ग 34 को ब्‍लॉक कर रहे लोगों पर आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया।

11:30 AM: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में नक्‍सलियों ने गुरुवार को आईईडी ब्‍लास्‍ट (IED Blast) कर दिया। इस ब्‍लास्‍ट में एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया। उसे फौरन अस्‍पताल ले जाया गया। सुरक्षाबलों ने बताया कि आईईडी ब्‍लास्‍ट कोरछा और मानपुर रोड के बीच हुआ।

11:25 AM:  पश्चिम बंगाल में भाजपा की महासचिव और रायगंज से उम्मीदवार देबश्री चौधरी ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ता बूथ कैप्चरिंग की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी कार्यकर्ता बूथ कैप्चरिंग की कोशिश में हैं। वे मुसलमानों के बीच जाकर कैंपेनिंग कर रहे हैं, जबकि आज प्रचार नहीं हो सकता।

11:20 AM: मणिपुर में 11 बजे तक 32.18 फीसद मतदान हो चुका है। यहां मतदाताओं में वोटिंग के प्रति काफी उत्‍साह देखने को मिल रहा है।

11:05 AM: उत्तर प्रदेश की बुलंदशहर सीट पर 11 बजे तक 24.79 प्रतिशत और नगीना संसदीय सीट पर 11 बजे तक 23.78 फीसद मतदान हो चुका है। यहां मतदाताओं के बीच काफी उत्‍साह देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में 8 सीट पर मतदान जारी है।

10:55 AM: महाराष्‍ट्र के सोलापुर संसदीय क्षेत्र में स्थि‍त पोलिंग बूथ नंबर 217 में ईवीएम के खराब होने की वजह मतदान रोक दिया गया है।
10:47 AM: असम में सिलचर सीट से मौजूदा सांसद और उम्‍मीदवार सुष्मिता देव ने अपनी मां और बहन के साथ मतदान किया।
10:47 AM: बिहार के केंद्रीय मंत्री और बक्सर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी अश्विनी कुमार चौबे ने भागलपुर में मतदान किया। वह मतदान करने के लिए अपने परिवार के साथ पहुंचे। बिहार में आज 5 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।
10:46 AM: कर्नाटक में पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस के नेता एचडी देवगौड़ा ने पत्नी के साथ हासन में मतदान किया। दूसरे चरण में कर्नाटक की 14 सीटों पर मतदान हो रहा है।
10:36 AM: महाराष्‍ट्र के लातूर संसदीय क्षेत्र में 105 वर्षीय महिला काव्‍यबाई कांबले अपने परिवार के साथ व्‍हीलचेयर पर मतदान करने पहुंची। इस वृद्ध महिला की मतदान के प्रति जागरूकता कई लोगों को प्रेरित जरूर करेगी।

10:25 AM: छत्तीसगढ़ के कांकेर में पोलिंग बूथ संख्‍या 186 पर तैनात पोलिंग अधिकारी की हार्ट अटैक की वजह से मौत हो गई है। पोलिंग अधिकारी को दिल का दौरा पड़ने से वहां हड़कंप मच गया।

10:18 AM: बिहार में सुबह 10 बजे तक 19.5 फीसद मतदान हो चुका है। यहां मतदाताओं के बीच काफी उत्‍साह देखने को मिल रहा है। बिहार में आज 5 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।

10:12 AM: कांग्रेस के उत्‍तर प्रदेश प्रमुख राज बब्‍बर ने फतेहपुर सीकरी स्थित राधा बल्‍लभ इंटर कॉलेज में बने पोलिंग बूथ पर मतदान किया। वह यहां से कांग्रेस के उम्‍मीदवार भी हैं।
10:09 AM: बुलंदशहर के दानपुर क्षेत्र के गांव नाहरी में मशीन खराब रहने से लगभग 3 घंटे प्रभावित रहा मतदान। इस दौरान पोलिंग बूथ के बाहर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई। कुछ लोग इस दौरान पोलिंग बूथ से बिना वोट किए लौट भी गए।

10:07 AM: उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा मथुरा में मतदान करने के बाद फोटो खिंचवाते हुए।
10:02 AM: बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र के अनूप शहर क्षेत्र के गांव मलकपुर स्थित बूथ संख्या 332 पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान 2 घंटे विलंब से प्रारंभ किया गया

09:58 AM: बिजनौर के नांगल सोती क्षेत्र के ग्राम चमरोला में सभी पार्टियों के प्रत्याशियों से नाराज इन मतदाताओं ने नोटा को वोट किया। नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कोई भी प्रत्याशी गांव में वोट मांगने नहीं आया इसलिए हमने नोटा पर मतदान करने का फैसला लिया।

09:46 AM: जम्‍मू-कश्‍मीर में एक नवविवाहित जोड़े ने उधमपुर स्थित पोलिंग स्‍टेशन पर पहुंचकर मतदान किया। इस दौरान उन्‍होंने शादी का जोड़ा ही पहना हुआ था। मतदान के प्रति लोगों में उत्‍साह भरने के लिए ये अच्‍छी मिसाल है।

09:35 AM: डीएमके अध्‍यक्ष एमके स्‍टालिन ने चेन्‍नई में मतदान किया। मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने इंफाल में मतदान किया।

09:30 AM: कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री कुमारस्वामी ने पत्नी अनीता और बेटे निखिल के साथ वोट डाला। कुमारस्वामी के बेटे मंड्या से चुनाव लड़ रहे हैं।

09:20 AM: लोकसभा चुनाव 2019 के दूसरे चरण के लिए जारी मतदान में सुबह नौ बजे तक असम में 9.51%, जम्‍मू-कश्‍मीर में 0.99 फीसद, कर्नाटक में 1.14 फीसद, महाराष्‍ट्र में 0.85 फीसद, मणिपुर में 1.17 फीसद, ओडिशा में 2.15 फीसद, तमिलनाडु में 0.81 फीसद, उत्‍तर प्रदेश में 3.99 फीसद, पश्चिम बंगाल में 0.55 फीसद, छत्तीसगढ़ में 7.75 फीसद और पुडुचेरी में 1.62 वोटिंग हो चुकी है।

09:12 AM: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्‍ठ नेता दत्तात्रेय होसबोले ने बेंगलुरु में मतदान किया।

09:05 AM: कर्नाटक के उपमुख्‍यमंत्री जी जीपरमेश्‍वर और उनकी पत्‍नी कन्निका परमेश्‍वरी ने तुमकुर स्थित पोलिंग बूथ में मतदान किया।

08:50 AM: तमिलनाडु में तुतुकुडी सीट से डीएमके की उम्मीदवार कनिमोझी ने चेन्नई में वोट डाला है।

08:46 AM: पहली महिला आईपीएस और पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी ने मतदान किया। इससे पहले वह वोट डालने के लिए लाइन में आम मतदाताओं के साथ खड़ी नजर आईं।

08:42 AM: बिहार के कटिहार के एक पोलिंग बूथ के बाहर कांग्रेस का झंडा देखा गया है। मीडिया ने इस कैमरों में कैद कर लिया। बता दें कि यह आचार संहिता का सीधे-सीधे उल्लंघन है।

08:40 AM: मथुरा में गोवर्धन ब्लॉक के एक पोलिंग बूथ पर ईवीएम खराब थी। इस वजह से वोटिंग बाधित हुई और बाहर लंबी लाइन लग गई। हालांकि, यहां मतदाताओं में काफी उत्‍साह देखने को मिला। मतदाता ईवीएम खराब होने के बावजूद लाइन में खड़े रहे।

08:36 AM: अभिनेता प्रकाश राज बेंगलुरु स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचे। वह बेंगलुरु सेंट्रल सीट से निर्दलीय उम्‍मीदवार हैं। प्रकाश राज ने लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया।
08:30 AM: पुडुचेरी के मुख्‍यमंत्री वी नारायणसामी ने मतदान किया। वह अपने कुछ समर्थकों के साथ मतदान करने पहुंचे। मतदान करने के बाद वह मीडिया के सामने भी पहुंचे, लेकिन उन्‍होंने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।

08:25 AM: बिहार की पांच संसदीय सीटों पर मतदान जारी है। सुबह आठ बजे तक लगभग 5.73 फीसद वोटिंग हो चुकी है। मतदान के पहले घंटे में ये वोट प्रतिशत उत्‍साहजनक कहा जा सकता है।

08:20 AM: मणिपुर की राज्‍यपाल नजमा हेपतुल्‍ला ने इंफाल स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान किया।

08:12 AM: पहली महिला आईपीएस और पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी वोट डालने के लिए लाइन में खड़ी नजर आईं।

08:07 AM: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई पलानीसामी ने सेलम में मतदान किया। इस दौरान वह काफी खुश नजर आए।
08:05 AM: तमिलनाडु में कमल हासन और उनकी बेटी श्रुति हासन अलवरपेट कॉरपोरेशन स्‍कूल के पोलिंग बूथ स्‍टेशन 27 पर मतदान करने पहुंचे। वह पोलिंग बूथ के बाहर लाइन में लगे और मतदान किया। इस दौरान मीडिया के कैमरों का फोकस उन्‍हीं पर रहा।

07:57 AM: कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण संसदीय क्षेत्र के जयानगर में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण पोलिंग बूथ नंबर 54 पर मतदान करने पहुंचीं।
07:42 AM: पश्चिम बंगाल के दीनाजपुर में इस्‍लामपुर हिंदी एफपी स्‍कूल में बने पोलिंग बूथ नंबर 29/134 में EVM काम नहीं कर रही है। ईवीएम खराब होने के कारण यहां अभी तक मतदान शुरू नहीं हुआ है। पोलिंग अधिकारी मशीन की खराबी को दूर करने में जुटे हुए हैं।
07:40 AM: कार्ति चिदंबरम ने तमिलनाडु के शिवगंगा संसदीय क्षेत्र में स्थि‍त कारेकुडी पोलिंग स्‍टेशन पर पहुंचकर पत्‍नी सिरीनिधि और नलिनी चिदंबरम के साथ मिलकर मतदान किया।

07:37 AM: असम के सिलचर में एक पोलिंग बूथ पर VVPAT मशीन ठीक से काम नहीं कर रही है। पोलिंग ऑफिसर समस्‍या को सुलझाने में जुटे हुए हैं। बता दें कि पहले चरण के मतदान में भी कई EVM और VVPAT के खराब होने की खबरें आई थीं।
07:25 AM: कांग्रेस के दिग्‍गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने सोलापुर संसदीय क्षेत्र के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया। वह सोलापुर सीट से ही कांग्रेस के उम्‍मीदवार हैं।
07:20 AM: तमिलनाडु की चेन्‍नई सेंट्रल संसदीय क्षेत्र की सीट से अभिनेता से राजनेता बने रजनीकांत ने मतदान किया। अभिनेता रजनीकांत हमेशा से ही तमिलनाडु की जनता के लिए खास रहे हैं। उन्होंने 31 दिसंबर 2017 को राजनीति में आने का ऐलान किया था।
7:04 AM: पी. चिदंबरम ने शिवकाशी, तमिलनाडु में मतदान किया। वह मतदान शुरू होने से पहले ही बूथ पर पहुंच चुके थे। शिवकाशी से उनके बेटे कार्ति चिदंबरम कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
7:00 AM: 12 राज्यों की 95 लोकसभा सीटों पर मतदान शुरू। मतदान शुरू होने से पहले ही बहुत से मतदान केंद्रों पर वोटरों की कतारें लग चुकी हैं। फिलहाल कहीं से किसी तरह की गड़बड़ी या व्यवधान की खबर नहीं है।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं। जम्मू-कश्मीर में केन्द्रीय सुरक्षा बल की 80 कंपनियां तैनात की गई हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल की तीन सीटों पर कुछ इलाकों में सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों को देखते हुये सुरक्षा बलों की 194 कंपनियां तैनात की गयी है। पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान हिंसा होती रही है। ऐसे में पश्चिम बंगाल में चुनाव को लेकर काफी एहतियात बरती जा रही है।