दिनदहाड़े बाइक सवार दम्पत्ति को तमंचे के बल पर लूट ले गये बदमाश

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबादः (नबावगंज) थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी अजय गुप्ता पुत्र सुरेश चन्द्र गुप्ता के साथ पल्सर सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट की घटना को तब अंजाम दिया जब वह अपनी पत्नी के साथ जा रहे थे। दिन दहाड़े हुई घटना से पुलिस पर सवालिया निशान तो लगे ही, साथ ही साथ बदमाशों ने अपनी सक्रियता का एहसास पुलिस को करा दिया।

अजय गुप्ता अपनी पत्नी प्रिया और पुत्री मान्या के साथ बाइक पर सवार होकर कायमगंज जा रहे थे। दोपहर को जब वह मंझना रोड स्थित राममूर्ती गंगवार के नलकूप के निकट पहुंचे तभी पीछे से आये पल्सर सवार बदमाशों ने उन्हें बाइक से गिरा दिया। अचानक बाइक से गिरने पर गुप्ता दम्पत्ति घबरा गये और जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक बदमाशों ने तमंचा निकालकर उनकी पुत्री के ऊपर रख दिया। जिससे वह घबरा गये। बदमाशों ने पुत्री को गोली मारने की बात कहकर उनकी पत्नी से सोने चांदी के जेबरात के साथ ही साथ तीन हजार रुपये की नगदी भी लूट ली। बदमाश हजियांपुर की तरफ फरार हो गये। घटना की सूचना मिलने पर सीओ कायमगंज नरेश कुमार, थाना प्रभारी अशोक धर पाण्डेय आदि फोर्स के साथ मौके पर आ गये। उन्होंने मामले की जांच पड़ताल की। घटना के सम्बंध में पीड़ित अजय गुप्ता ने तहरीर दी है।

थाना प्रभारी अशोक धर पाण्डेय ने बताया कि घटना के सम्बंध में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान भी चल रहा है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा।