तिरंगा यात्रा के दौरान सांप्रदायिक तनाव,एक की मौत

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

कासगंज:गणतंत्र दिवस पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की तिरंगा यात्रा आज यहां पर बड़े ही सांप्रदायिक बवाल की भेंट चढ़ गई। इस तिरंगा यात्रा पर सम्प्रदाय विशेष के लोगों ने पथराव किया। इसके बाद से माहौल बिगड़ गया। पथराव तथा आगजनी के बाद भारी मात्रा में पुलिस बल वहां पहुंचा। फायरिंग में घायल दो लोगों में से एक की मौत हो गई। फिलहाल वहां पर कफ्र्यू जैसा माहौल बना है।
कासगंज में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की तिरंगा यात्रा के दौरान संप्रदाय विशेष के लोगों के पथराव करने के कारण दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। शहर के बडडू नगर मौहल्ले में तिरंगा यात्रा को लेकर दो वर्गों के युवक भिड़ गए। युवकों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट और बाद पथराव व फायरिंग भी शुरू हो गई। पथराव में एक युवक को चोट आई है और आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
इस दौरान फायरिंग में दो लोगों को गोली लगी है, जिनमें गंभीर रूप से घायल चंदन की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों वर्ग से आधा दर्जन लोगों को अपनी हिरासत में लिया है। इसके बाद भी शहर में तनाव बरकरार है। बवाल के दौरान लोगों ने कबाड़ में भी आग लगा दी। आनन-फानन में आग पर काबू पाया गया। इस बवाल के कारण आगरा-मथुरा की ओर से आने वाले वाहनों का मार्ग बदला गया है।