डांसर सपना चौधरी बीजेपी में शामिल

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics-BJP राष्ट्रीय सामाजिक

नई दिल्ली: हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। रविवार को दिल्ली भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।
सपना चौधरी के अलावा दिल्ली में डीसीपी रहे एलएन राव भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता हासिल की। माना जा रहा है कि दिल्ली और हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले सपना चौधरी का भाजपा में शामिल होने से पार्टी को चुनावी फायदा मिल सकता है। विधानसभा चुनाव के दौरान सपना इन दोनों राज्यों में चुनाव प्रचार भी कर सकती हैं। दिल्ली और हरियाणा में सपना चौधरी के लाखों फैंस हैं।
सपना चौधरी ने किया लोकसभा चुनाव में भाजपा का प्रचार
इससे पहले सपना चौधरी दिल्ली में लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट भी मांगा था। वह दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के रोड शो में भी नजर आयी थीं। इसके बाद से अटकलें लगने लगी थी कि सपना चौधरी भाजपा में शामिल हो सकती हैं।
सपना चौधरी ने दिए थे भाजपा में आने के संकेत
सपना चौधरी कई बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ भी नजर आयीं थीं। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कहा था कि भाजपा के लिए मैं पूरे भारत में प्रचार करने से पीछे नहीं हटूंगी। भाजपा उनके लिए परिवार और राष्ट्र की तरह है। जहां उन्हें स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने और जनता तक पहुंचने का अवसर मिलता है। आने वाले दिनों में इस परिवार में उनकी क्या भूमिका रहेगी यह पार्टी तय करेगी। उन्होंने कहा था कि कलाकार या राजनेता की किस्मत का सितारा जनता के प्यार से ही बुलंद रहता है। इस चुनाव में लोगों के बीच जाने का अवसर मिला और बहुत कुछ सीखने को मिला।
कांग्रेस में शामिल होने का किया गया था दावा
इसी साल मई महीने में कांग्रेस ने दावा किया था कि सपना चौधरी ने पार्टी ज्वाइन कर ली है। कांग्रेस में शामिल होने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। हालांकि उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने की खबरों को गलत बताया था। सपना चौधरी के कांग्रेस में शामिल होने से इनकार के बाद यूपी कांग्रेस सचिव नरेन्द्र राठी ने कहा था कि सपना ने आकर स्वयं सदस्यता फार्म भरा था जिस पर उनके हस्ताक्षर भी हैं।
बेहद गरीबी भरा रहा सपना का जीवन
भाजपा में शामिल होने वाली सपना चौधरी हरियाणा की एक मशहूर डांसर और एक्टर हैं। सपना का जन्म 25 सितंबर 1990 को हरियाणा के रोहतक में जिले में हुआ था। बताया जाता है कि सपना का शुरुआती जीवन मुश्किल भरा था। सपना के पिता के निजी कंपनी में काम करते थे। उनके घर की आर्थिक हालत अच्छी नहीं थी। बेहद कम उम्र में ही उन्होंने अपने पिता को खो दिया था।
मुश्किल वाले दिनों में सपना चौधरी ने अपने करियर की शुरुआत आर्केस्ट्रा के साथ की थी। घर का खर्चा चलाने के लिए उन्होंने डांस को अपना करियर बनाया। वह अब तक कई स्टेज शो कर चुकी हैं। सपना हिंदी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। बता दें कि सपना चौधरी बिग बॉस में भी नजर आ चुकी हैं।