गंगा का पानी गाँवो में घुसा, ग्रामीणों की धड़कनें बढ़ी

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

फर्रुखाबाद:(कंपिल) क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांव बाढ़ की चपेट में हैं।लोगों ने बाढ़ को देखते हुए गृहस्थी के सामानों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। गांव के आस पास पानी ही पानी नजर आ रहा है| , लोग बाढ़ राहत कैंप की तरफ अपना रूख कर रहे हैं।सबसे ज्यादा परेशानी उस परिवार को हो रही है, जिनके घर बच्चे या बुजुर्ग बीमार है| गांव में पानी बहुत तेजी से बढ़ रहा है।घरों में पानी भर गया है| जानवरों का चारा लेने के लिए काफी दूर तक जाना पड़ रहा है। वही शौच करने डेढ़-दो किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। मिट्टी का चबूतरा बनाकर महिलाएं भोजन बनाने को मजबूर हैं।
ग्राम पथरामई के पास लगातार कटान हो रहा है। यह गांव कभी भी नदी की धारा में समा सकता है। गांव के अंदर गंगा नदी के घुसे पानी ने कोहराम मचा दिया है। लोगों के खेतों में कटान जारी है। घरों में रखा काफी सामान भीगकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों को अपना बसेरा छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ रहा है। मजबूरी में रात में जागकर रात गुजार रहे हैं। डर लगा रहता है कि पता नहीं कब रात में गंगा नदी गांव में कटान शुरू कर दे।
एसडीएम अनिल कुमार,जिला पंचायत किशनपाल सिंह यादव बाढ़ प्रभावित गांव में बैलगाड़ी पर बैठ कर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर दो नावें मुहैया कराई गई है। इन नावों को चलाने के लिए मांझी को तैनात किया जायेगा। इनका जो पारिश्रमिक होगा वो प्रशासन देगा। ग्रामीणों को रहने के लिए गांव का प्राथमिक विद्यालय प्रधान के सहयोग से साफ करा दिया गया है लोगों को तिरपाल, खाद्य सामग्री बगैरह मुहैया कराई जा रही है। लोगों को पीने हेतु स्वच्छ पानी मिले इसके लिए टैंकर का बंदोबस्त किया जा रहा है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए लगा हुआ है। शाम को एसडीएम ने दुबारा बाढ़ प्रभावित गाँवो का दौरा किया।