किसानों के हंगामे के बाद डीएम ने शुरू करायी गेहूं की तौल

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

फर्रुखाबाद: (राजेपुर) कस्बे में स्थित गेंहू क्रय केंद्र पर तौल बंद करने पर किसानों ने हंगामा किया। जिसके बाद खुद जिलाधिकारी के हस्तक्षेप करने पर तौल शुरू हो सकी।

गेहूं क्रय केन्द्र पर विक्री के लिए दूर दराज से किसान सुबह ही पहुंच गये थे। लेकिन दोपहर डेढ़ बजे तक तौल शुरू नहीं की गयी। आशा की मढैया निवासी किसान श्यामबाबू ने बताया कि क्रय केन्द्र पर 10 रुपये बोरे उतरवाने की अवैध वसूली होती है। वहीं राजेपुर निवासी उदयवीर सिंह पप्पू ने भी अवैध वसूली किये जाने की बात कही। किसानों ने आरोप लगाया कि एक बोरा गेहूं की तौल पर 800 ग्राम ज्यादा गेहूं तौला जाता है। कुछ किसान जब ज्यादा परेशान हो गये तो उन्होंने हंगामा भी किया। किसान उदयवीर ने जिलाधिकारी प्रकाश बिन्दु को मामले की सूचना दी। डीएम के हस्तक्षेप के बाद तौल शुरू करायी गयी। गेहूं क्रय केन्द्र के निरीक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि किसानों से अवैध वसूली किये जाने की बात गलत है। बोरे में 200 ग्राम ज्यादा गेहूं की तौल होती है।