कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में आस्था की डुबकी

FARRUKHABAD NEWS POLICE जिला प्रशासन धार्मिक सामाजिक

फर्रुखाबाद: कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मौके पर शनिवार भोर से ही गंगा नदी के तटों पर श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे। स्नानार्थियों की भीड़ ग्रामीण अंचलों के साथ ही गैर जनपद से भी पंहुची| स्नानार्थी आधी रात से ही गंगा नहाने के लिये पहुंचे। सुबह मौसम ठंडा होने के बावजूद भक्तों ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। वही इटावा-बरेली हाई-वे पर श्रद्धालु घंटो जाम में फंसे रहे|
शहर के पांचाल घाट पर कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा की गोद में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। एक ओर जहां गंगा तट गंगा मैया के जयघोष से गुंजायमान रहे, वहीं मठ-मंदिरों में पूरे दिन घंटे-घड़ियाल बजते रहे। पूर्णिमा स्नान का क्रम शनिवार भोर से ही शुरू हो गया है। पांचाल घाट, बरगदीयाघाट,किला घाट,श्रंगीरामपुर, शमसाबाद के ढाई घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का स्नान के लिए तांता लगा रहा। सबसे जादा श्रद्धालु उमड़े|
नजारा ऐसा था कि जितने स्नानार्थी आस्था की डुबकी लगाकर लौट रहे हैं, उससे अधिक श्रद्धालु गंगा तटों की ओर रुख करते नजर आ रहे हैं। स्नानार्थी सूर्य देव को अर्घ्य प्रदान कर सुख शांति की कामना करते दिखे। स्नान के बाद गंगा तटों पर ही श्रीहरि विष्णु भगवान व् तुलसी की पूजा-अर्चना का क्रम दिन भर चलता रहा।

सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
कई स्नान घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल और जल पुलिस तैनात किए गए हैं। पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते नजर आए। प्रशासन का दावा है कि इस साल भी एक लाख से ऊपर श्रद्धालु स्नान करने पहुंचेंगे। गंगा घाटों पर गोताखोर,पीएसी के जवान सहित कई थानों की पुलिस, होमगार्ड के जवानों को भी तैनात किया गया|