इंग्लैंड में फैली हिंसा की आग, लोगों को नंगा कर लूट रहे दंगाई

Uncategorized

लंदन ब्रिटेन की राजधानी लंदन में दंगाई हिंसा के साथ भयंकर लूटपाट भी कर रहे हैं। एक अखबार के मुताबिक वे लोगों को नंगा कर उनके कपड़े तक ले जा रहे हैं। ‘डेली मेल’ के मुताबिक दंगाई घर जा रहे लोगों के कपड़े तक उतरवा कर लूट रहे हैं। इंटरनेट पर भी ऐसे दावे किए जा रहे हैं कि पूरे लंदन और बर्मिंघम में दंगाइयों द्वारा लोगों के कपड़े लूटे जाने की कई घटनाएं हुईं। ट्विटर पर दावा किया गया कि कुछ लोगों के कपड़े उतरवा कर उन्‍हें पूरी तरह नंगा कर दिया गया। हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही है। एक वीडियो में दिखाया गया है कि किशोर वय एक शख्‍स घायल पड़ा है और उसे भी लुटेरे बख्‍श नहीं रहे हैं।

लंदन में शनिवार शाम से शुरू हुए दंगे अब पूरे इंग्लैंड में फैल गए हैं। दंगों की आग इस समय लंदन के अलावा, बर्मिघम, कैंट, लिवरपूल, नॉटिंघम, ब्रिस्टल और लीड्स तक पहुंच गई है। बर्मिंघम में एक पुलिस थाने पर गोलियां चलाए जाने की बात सामने आ रही है। अकेले लिवरपूल से ५२ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें ४८ पुरुष हैं।

लंदन पुलिस का कहना है कि सोमवार की रात उसके लिए हाल की घटनाओं में सबसे खराब रात रही। बड़े पैमाने पर लूट, आगजनी की कई घटनाओं और अराजक स्थिति के चलते मेट्रोपोलिटन पुलिस सेवा को कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। दंगों से निपटने के लिए उसने पहले से तैनात 3500 अधिकारियों के अलावा तकरीबन 2500 अधिकारियों की सेवा लेनी पड़ी है। अब तक 700 से भी अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हिंसा में पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस को पिछले 24 घंटे में सामान्य से तकरीबन 400 फीसदी अधिक आपात फोन कॉल मिले हैं। उधर, स्कॉटलैंड यार्ड ने कहा है कि दंगे के दौरान घायल हुए एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। इन दंगों के दौरान यह पहली मौत है।

पुलिस गोलीबारी में एक युवक की मौत के बाद यह दंगा भड़का था। पिछली रात लंदन में कई इमारतों को आग लगा दी गई। दुकानों में लूटपाट की गई। पुलिस जवानों पर पेट्रोल बमोंे से हमले किए गए। इस बीच से ब्रिटेन की संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। इस बीच, कार्यवाहक पुलिस कमिश्नर टिम गॉडविन ने इस आशंका को खारिज कर दिया कि हिंसा से निपटने के लिए सेना को लाने की स्थिति पैदा हो गई है|